
देहरादून। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है और किसी भी जिले में एलपीजी की कमी नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति कृत्रिम अभाव पैदा करने या कालाबाजारी करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आपूर्ति समीक्षा बैठक
विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित बैठक में विभागीय अधिकारी और गैस सप्लाई करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे, जबकि सभी जिलों के जिला पूर्ति अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। बैठक का उद्देश्य प्रदेश में एलपीजी की मांग और आपूर्ति की स्थिति का समग्र आकलन करना था।
एलपीजी कनेक्शन और स्टॉक की जानकारी
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 35,55,559 घरेलू एलपीजी कनेक्शन और 60,976 कमर्शियल कनेक्शन हैं। वहीं, 80,861 घरेलू सिलेंडर और 12,146 कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है और प्रतिदिन पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी में किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
होम डिलीवरी पर जोर
रेखा आर्या ने जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैस एजेंसी या स्टोर रूम से सीधे सिलेंडर वितरण न किया जाए। सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस उपलब्ध कराई जाए।
अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की एसओपी के अनुसार अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। नए कमर्शियल कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले व्यापारियों को 24 घंटे के भीतर कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती
मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। अब तक 173 स्थानों पर छापेमारी की गई और 15 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं।
पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने की योजना
प्रदेश में पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार से जल्द एनओसी प्राप्त करने का अनुरोध किया जाएगा।
गैस आपूर्ति में सुधार के निर्देश
बैठक के दौरान कुछ जिलों के अधिकारियों ने भारत पेट्रोलियम से गैस आपूर्ति कम आने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने कंपनी के अधिकारियों को स्थिति जल्द सुधारने के निर्देश दिए और कहा कि यदि आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो केंद्र सरकार से शिकायत की जाएगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में विभागीय सचिव एल. फैनई, अपर आयुक्त जी.एस. पांगती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



