उत्तराखंडराज्य

भारत रत्न पंडित गोविन्द वल्लभ पंत जी की 138वीं जयंती के अवसर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया

रुद्रपुर, 10 सितम्बर 2025 (सू0वि0)- भारत रत्न पंडित गोविन्द वल्लभ पंत जी की 138वीं जयंती के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट परिसर में माननीय मंत्री कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग/ जनपद  प्रभारी मंत्री श्री गणेश जोशी ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी के चित्र का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर  श्रद्धांजलि दी। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर पंडित पंत जी को नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री गणेश जोशी ने कहा कि पंडित गोविन्द वल्लभ पंत जी स्वतंत्र भारत के महान राजनेता, दूरदर्शी प्रशासक एवं कुशल संगठनकर्ता थे। उन्होंने उत्तराखंड के पहाड़ी अंचलों से लेकर देश की राजनीति तक अपनी अद्वितीय छाप छोड़ी। वे न केवल उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रहे, बल्कि देश के गृहमंत्री के रूप में भी उन्होंने प्रशासनिक सुधारों और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मंत्री श्री जोशी ने कहा कि पंडित पंत जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका संघर्ष, त्याग और राष्ट्रसेवा का जज़्बा भावी पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन देता रहेगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि पंडित पंत जी के आदर्शों को आत्मसात कर जनता की सेवा को ही सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने भी पंडित पंत जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव अमर रहेगा।

कार्यक्रम में मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डेय सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button