
देहरादून। राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रानी पोखरी भट्ट नगर गांव में किसानों के बीच पहुंचकर खेती-किसानी की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों का फीडबैक लिया।
उत्पादन, सिंचाई और विपणन पर चर्चा
कृषि मंत्री ने किसानों से उत्पादन लागत, सिंचाई व्यवस्था, बीज, खाद, कीटनाशक और विपणन से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के लिए वर्कशॉप आयोजित की जाए, ताकि वे ऐसे फसलों की ओर प्रेरित हों, जिनसे उन्हें अधिकतम लाभ मिल सके। इस दौरान उन्होंने फार्म मशीनरी बैंक का भी निरीक्षण किया।
किसानों के साथ आत्मीय संवाद और सम्मान
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों के साथ बैठकर भोजन किया, जिससे आत्मीय जुड़ाव का संदेश मिला। उन्होंने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। किसानों के साथ बैठकर भोजन करना उनके परिश्रम और योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
सरकार की योजनाएं और समर्थन
कृषि मंत्री ने किसानों को किसान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार उन्हें निम्न सुविधाएं प्रदान कर रही है:
-
तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण
-
कृषि यंत्रों के लिए फार्म मशीनरी बैंक
-
बागवानी, पॉलीहाउस और आधुनिक कृषि तकनीक में 80 प्रतिशत तक सब्सिडी
-
मुफ्त सिंचाई सुविधा और गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन को बढ़ावा
उन्होंने बताया कि इन प्रयासों का उद्देश्य किसानों की आय दोगुनी करना, कृषि को आधुनिक बनाना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।
प्राकृतिक खेती और आधुनिक तकनीक का विस्तार
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती, आधुनिक तकनीक, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से किसानों तक पहुंचे।
श्रद्धांजलि और कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थितियां
कार्यक्रम से पूर्व कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का जीवन किसानों के अधिकारों और उनके उत्थान के लिए समर्पित था।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गीतांजलि, जैविक बोर्ड सदस्य निरंजन डोभाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण शर्मा, सतीश सेमवाल, संदीप भट्ट, इंद्र पाल सिंह, एके उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।



