
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पृथक उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. इंद्रमणि बडोनी का राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान अतुलनीय रहा है, जिसे उत्तराखंड कभी नहीं भुला सकता।
1994 राज्य आंदोलन में बडोनी की भूमिका
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 1994 के राज्य आंदोलन में स्वर्गीय बडोनी जी सूत्रधार की भूमिका में थे और उन्होंने जन-जन में राज्य निर्माण की अलख जगाई। वे देवभूमि के संस्कारों के अग्रदूत, पहाड़ के सच्चे हितैषी और पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के प्रति स्पष्ट सोच रखने वाले नेता थे।
प्रेरणा और सम्मान का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में उनके सक्रिय योगदान को सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्व. इंद्रमणि बडोनी की जयंती हमें उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और अग्रणी राज्य बनाने की प्रेरणा देती है।



