उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में पंजीकरण का नया रिकॉर्ड, 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

देहरादून। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में इस वर्ष खिलाड़ियों के पंजीकरण ने नया रिकॉर्ड बनाया है। अब तक 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

हर ब्लॉक से 2000 खिलाड़ियों के पंजीकरण का लक्ष्य

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने हर ब्लॉक से कम से कम 2000 खिलाड़ियों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया और अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए जिला योजना से प्रतियोगिता का बजट बढ़ाने को भी कहा, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ा पंजीकरण

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। वहीं, इस वर्ष अब तक यह आंकड़ा बढ़कर 2.35 लाख से अधिक पहुंच गया है।

पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। ऐसे में अंतिम तिथि तक खिलाड़ियों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।

अलग-अलग आयु वर्ग में होंगी प्रतियोगिताएं

इस वर्ष मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में 8 से 14 वर्ष और 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा महिला ओपन वर्ग में 20 से 25 वर्ष तक की महिलाएं भी प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगी।

दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग से प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे उन्हें अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश

खेल मंत्री रेखा आर्या ने जिलाधिकारियों को प्रतियोगिताओं के आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवास, भोजन, खेल मैदान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश मंमगाई और उपनिदेशक शक्ति सिंह सहित खेल विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button