उत्तराखंडराज्य

जीबी पंत विश्वविद्यालय में बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन, 1500 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

पंतनगर। जीबी पंत विश्वविद्यालय पंतनगर में बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SLSA) के कार्यकारी अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी रहे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल तथा विशेष अतिथि के रूप में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति आलोक मेहरा उपस्थित रहे। इसके अलावा उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से श्री प्रदीप मनी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

1500 लोगों ने लिया योजनाओं का लाभ

शिविर में लगभग 1500 लोगों ने सहभागिता की और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम स्थल पर अलग-अलग विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

जरूरतमंदों को साइकिल, व्हीलचेयर और अध्ययन सामग्री वितरित

कार्यक्रम के दौरान केवीएस प्रीमियर फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई 15 साइकिलों का पात्र लाभार्थियों को वितरण किया गया। इसके साथ ही 5 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर प्रदान की गई।

सार्थक फ्यूचर फाउंडेशन ने एसटीएम स्कूल, बाजपुर को एक कंप्यूटर और एक प्रिंटर भेंट किया। वहीं न्याय दर्पण सोशल जस्टिस एंड वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को 50 स्टडी टेबल वितरित की गईं।

इसके अतिरिक्त श्रवण एवं वाणी बाधित 8 बच्चों का चयन कर उन्हें आवश्यक श्रवण यंत्र (हियरिंग मशीन) उपलब्ध कराए गए।

महिलाओं, श्रमिकों और बच्चों को भी मिली सहायता

शिविर में 10 श्रमिकों को लेबर किट और 11 महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। मातृ एवं शिशु कल्याण कार्यक्रम के तहत 4 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 2 शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

इसके अलावा लाभार्थियों को डेटॉल हाइजीन किट वितरित की गई तथा नेस्ले इंडिया के सहयोग से बच्चों को पोषण किट उपलब्ध कराई गई।

विधिक सहायता और जागरूकता पर रहा विशेष जोर

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से लगाए गए विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता स्टॉल में पैरालीगल वालंटियर्स (PLVs) ने लोगों को कानूनी अधिकारों और सुविधाओं की जानकारी दी।

इस दौरान आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता, लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर अपराध, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और विभिन्न विधिक योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।

विभिन्न विभागों ने बड़ी संख्या में लोगों को किया लाभान्वित

शिविर में पंचायती राज विभाग, होम्योपैथिक विभाग, राजस्व विभाग, नारी शक्ति विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, नागरिक आपूर्ति विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, समाज कल्याण विभाग, विद्यालय शिक्षा विभाग, जनजाति कल्याण विभाग और गन्ना विकास विभाग सहित कई विभागों ने लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया।

आयुष्मान भारत योजना के तहत 27 लाभार्थियों को सुविधा दी गई, जबकि 115 नए आयुष्मान कार्ड पंजीकृत किए गए। इसके अलावा उपकारागार हल्द्वानी, जिला नैनीताल की ओर से भी स्टॉल लगाकर बंदियों के पुनर्वास और विधिक सहायता से जुड़ी जानकारी दी गई।

न्यायमूर्तियों ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम के समापन अवसर पर न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया।

उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

आमजन तक योजनाओं और न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना उद्देश्य

बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर आमजन तक पहुंचाना, पात्र लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना, विधिक जागरूकता बढ़ाना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।

जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और पैरालीगल वालंटियर्स के संयुक्त प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button