
किच्छा। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत गुरुवार को न्याय पंचायत बण्डिया के राजकीय इंटर कॉलेज शांतिपुरी में उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट की अध्यक्षता में भव्य बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद हुआ तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुँचाया गया।
मुख्य अतिथियों का संदेश
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की प्राथमिकता है और शिविर में प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ सुनिश्चित करें और अधिक से अधिक लोग इस अवसर का उपयोग करें।
दर्जा मंत्री खतीब अहमद ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में इस अभियान के तहत जनता को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ और समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है।
विभागों द्वारा लाभ वितरण और सेवाएँ
अपर जिलाशिकारी पंकज उपाध्याय ने निर्देश दिए कि शिविर में आई समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निराश्रित गौवंश के लिए हर तहसील में गौशालाओं का निर्माण किया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, महालक्ष्मी किट, टूल किट, प्रमाण पत्र आदि वितरित किए गए। रीप योजना के तहत 4 महिलाओं को ई-रिक्शा वाहन वितरित कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
स्वास्थ्य और जनकल्याण सेवाएँ
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 747 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, दावा वितरण, आयुष्मान कार्ड, एक्स-रे, होम्योपैथिक, आयुर्वेद एवं यूनानी परीक्षण किए गए। विभिन्न विभागों द्वारा स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, बच्चों का अन्नप्राशन, दिव्यांग प्रमाणपत्र और पेंशन जैसे लाभ वितरित किए गए।
इसके अतिरिक्त सेवायोजन विभाग, पर्यटन विभाग, डेरी विभाग, पशुपालन विभाग, वन विभाग, उद्योग और श्रम विभाग ने नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और आवेदन पंजीकृत किए।
शिविर की सफलता और सहभागिता
शिविर में 2038 लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया गया। प्राप्त 93 शिकायतों/मांगों में से 51 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा आवेदन प्राप्त कर कई लाभार्थियों को तत्काल लाभ भी दिया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सचिन शुक्ला, प्रभारी मंत्री प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य सरोजनी कार्की, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी, मुख्य कृषि अधिकारी, शिक्षा अधिकारी, उद्यान अधिकारी, मत्स्य विभाग, समाज कल्याण अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



