
रूद्रपुर। भारतीय रिज़र्व बैंक, देहरादून द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को होटल सोनिया, रूद्रपुर में आयोजित की गई। टाउनहॉल मीटिंग के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के लगभग 150 उद्यमियों ने सहभागिता की। बैठक की अध्यक्षता भारतीय रिज़र्व बैंक, देहरादून के क्षेत्रीय निदेशक अरविंद कुमार ने की।
एमएसएमई विकास की संभावनाओं पर आरबीआई का फोकस
इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक अरविंद कुमार ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उधम सिंह नगर जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के विकास की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने सूक्ष्म उद्यमों की अर्थव्यवस्था में भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उद्यमियों से इस मंच का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
आरबीआई की नई पहल और नीतियों की दी जानकारी
अरविंद कुमार ने भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों और हालिया पहलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वित्तीय समावेशन, आसान ऋण उपलब्धता और डिजिटल प्रक्रियाओं को लेकर किए जा रहे प्रयासों से उद्यमियों को अवगत कराया।
उद्यमियों की जिज्ञासाओं का समाधान
बैठक के दौरान उद्यमियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए गए और बैंकिंग, ऋण, क्रेडिट गारंटी, जेम पोर्टल सहित विभिन्न विषयों पर उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। संवादात्मक सत्र में उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी साझा किए।
बैंकिंग व उद्योग जगत के वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नैनीताल बैंक के सीएमडी सुशील कुमार लाल, भारतीय रिज़र्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक परमदीप सिंह, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक के उपमहाप्रबंधक, उधम सिंह नगर के जिला अग्रणी प्रबंधक चिराग पटेल, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार तथा जेम पोर्टल के प्रतिनिधि सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



