
टिहरी। ग्रामीण और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में 28 वर्षों तक समर्पित सेवा देने के बाद भूगोल प्रवक्ता डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी का पारस्परिक स्थानांतरण पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज वीरभद्र, ऋषिकेश में हो गया है। वर्तमान में वे विगत दस वर्षों से राजकीय इंटर कॉलेज मरोड़ा, सकलाना में सेवाएं दे रहे थे। उनके स्थानांतरण के अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से एक भावभीन विदाई समारोह आयोजित किया गया।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से शिक्षा और सेवा तक का सफर
ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी ने देवाल क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने डी, ई और एफ श्रेणी के अति दुर्गम पर्वतीय अंचलों में छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा सेवा को समर्पित किया। शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में उनके उल्लेखनीय योगदान के कारण वे क्षेत्र में “वृक्षमित्र” के रूप में विशेष पहचान रखते हैं।
दुर्गम परिस्थितियों में भी निभाई शिक्षकीय जिम्मेदारी
डॉ. सोनी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 1998 में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उर्गम में पहली नियुक्ति के दौरान वे हेलेंग से प्रतिदिन लगभग 14 किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय पहुंचते थे। नारायण नगर सुनाई, मोलाधार लोस्तू, सुमाड़ी और मरोड़ा सकलाना जैसे दुर्गम क्षेत्रों में उन्होंने विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद निरंतर सेवा दी।
पर्यावरण संरक्षण को बनाया जनआंदोलन
डॉ. सोनी ने ग्रामीण क्षेत्रों में पौधों को उपहार के रूप में देने, दूल्हा-दुल्हन को शगुन स्वरूप पौधा भेंट करने और जन्मदिन तथा शादी की वर्षगांठ पर वृक्षारोपण जैसी प्रेरक परंपराओं की शुरुआत की। उनके इन प्रयासों ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक अभियान का रूप दिया।
विद्यालय परिवार ने किया योगदान को याद
विदाई समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य बी. आर. शर्मा ने कहा कि डॉ. सोनी ने विद्यालय को एक नई पहचान दी है। उनके द्वारा लगाए गए पौधे आज विद्यालय परिसर की शोभा बढ़ा रहे हैं। उनका मृदुभाषी स्वभाव और सकारात्मक ऊर्जा सभी के लिए प्रेरणास्रोत रही, जिसकी कमी क्षेत्र को लंबे समय तक महसूस होगी।
पदोन्नति पर भी दी गई शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान साहिल जोशी की कनिष्ठ लिपिक से प्रधान सहायक पद पर पदोन्नति होने पर भी उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम में शिक्षकों और कर्मचारियों की सहभागिता
समारोह में किरन सोनी, महावीर धनोला, अनिल हटवाल, अनूप थपलियाल, सुशील कांदली, इंद्रदेव वशिष्ठ, राहुल जोशी, राजेंद्र रावत, रामस्वरूप उनियाल, तेजी महर, पवित्रा रानी, शशि ड्यूटी, इंदु नेगी, बबीता उनियाल, माधुरी भंडारी सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुशील कांदली द्वारा किया गया।



