उत्तराखंडराज्य

मसंदावाला में बारिश से हुए नुकसान का मंत्री गणेश जोशी ने लिया जायजा

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के मसंदावाला में देर रात हुई भारी बारिश के बाद मलबा आने से प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत एवं सुरक्षा कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

मलबा हटाने और आवागमन सुचारू करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने क्षेत्र में जमा मलबे को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भारी बारिश के दौरान तेज पानी के बहाव और मलबे से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पुल के नीचे ब्लॉक निर्माण का कार्य भी शीघ्र शुरू कराया जाए।

नुकसान का जल्द आकलन कर प्रभावितों को मिले आर्थिक सहायता

गणेश जोशी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा से हुए नुकसान का तहसील स्तर पर जल्द आकलन कराया जाए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक भी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

इसके साथ ही उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को शासन स्तर पर लंबित योजना की वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। मंत्री ने कहा कि योजना को जल्द स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा और बचाव कार्य शुरू किए जा सकेंगे।

आपदा प्रभावितों को समय पर राहत देना प्राथमिकता

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि आपदा की स्थिति में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा प्रभावित परिवारों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान सिंचाई और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान विनोद अवस्थी, रंजीता उनियाल, बिक्रम कंडारी, गिरीश उनियाल, नवीन उनियाल, परशुराम, मोहन ठाकुर, विनोद जोशी और प्रीति थापा सहित वन, सिंचाई एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button