
रुद्रपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने रिजर्व पुलिस लाइन रुद्रपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल से सराबोर हो गया।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और वीर सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। ध्वजारोहण के बाद एसएसपी अजय गणपति ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए पूर्ण निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।

एसएसपी अजय गणपति ने दिया राष्ट्रसेवा का संदेश
एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस परिवार और जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। पुलिस बल का सर्वोच्च दायित्व है कि पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और कर्तव्यपरायणता के साथ जनता की सेवा एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए सदैव तत्पर रहने की बात कही।

सराहनीय सेवा देने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
समारोह के दौरान विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक तथा पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशस्ति डिस्क प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित पुलिसकर्मियों के नामों की घोषणा कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई। इस सम्मान से पुलिस बल का उत्साहवर्धन भी हुआ।

जिलेभर के थानों और चौकियों में भी फहराया गया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जिले के सभी थानों, चौकियों, पुलिस कार्यालयों और फायर स्टेशनों में संबंधित प्रभारियों एवं अधिकारियों ने सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस दौरान पुलिसकर्मियों को राष्ट्रसेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प दिलाया गया।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित इस गरिमामय समारोह में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस उपाधीक्षक पंतनगर, पुलिस उपाधीक्षक सितारगंज, प्रतिसार निरीक्षक समेत जनपद के विभिन्न पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


