
रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस को भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने को लेकर जिला सभागार में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी द्वारा सुबह 9:30 बजे तथा पुलिस लाइन में सुबह 10 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्यक्रम आयोजित करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा तथा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
14 और 15 अगस्त को सरकारी व ऐतिहासिक भवन होंगे रोशन
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों एवं भवनों को 14 और 15 अगस्त की शाम को प्रकाशमान किया जाए। कार्यालय परिसरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों में भाषण, पेंटिंग, गोष्ठी, निबंध लेखन, गायन, स्लोगन लेखन एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। इन कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान, संघर्ष और त्याग के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी जाए।
प्रमुख चौराहों पर गूंजेंगे देशभक्ति के गीत
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति के गीतों का प्रसारण करने के निर्देश भी दिए गए। जिला क्रीड़ा अधिकारी को क्रॉस कंट्री रेस में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को शासकीय एवं ऐतिहासिक भवनों को आकर्षक ढंग से प्रकाशमान करने के निर्देश दिए। वहीं नगर निगम एवं सभी नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और पार्कों की साफ-सफाई कराने के साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन कराने को कहा।
हर घर तिरंगा अभियान में जनभागीदारी पर जोर
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत तिरंगा यात्रा, तिरंगा संगीत, देशभक्ति गीत, तिरंगा प्रतिज्ञा, स्वच्छता अभियान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आयोजित किए जाने वाले सभी कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो क्लिप और सेल्फी ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर अपलोड की जाए। साथ ही अभियान में जनप्रतिनिधियों और आम जनता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुनील जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, वर्चुअल माध्यम से सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं निकाय अधिकारी बैठक से जुड़े।



