उत्तराखंडराज्य

पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में भरा मलबा और पानी, कई मजदूर फंसे

चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) में गुरुवार शाम टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी भरने से कई मजदूरों के फंसने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य फंसे लोगों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने का अभियान जारी है।

शाम करीब 7 बजे हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम करीब 7:05 बजे की है। बताया गया कि निर्माण कार्य के दौरान टनल के भीतर करीब 18 से 19 मजदूर मौजूद थे। निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी की ओर से कराया जा रहा था।

इसी दौरान अचानक टनल के अंदर मलबा और पानी भर गया, जिसके बाद कुछ मजदूरों के फंसने की सूचना प्रशासन को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और बचाव दल तत्काल सक्रिय हो गए।

सेना और राहत-बचाव टीमें मौके के लिए रवाना

घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। इसके अलावा डीआईआरएफ, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ के जवान भी मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

शेष लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी

जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रही हैं। सुरक्षित बाहर निकाले गए लोगों के बाद अब शेष मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज किया गया है।

प्रशासन की ओर से बचाव कार्य के लिए आवश्यक संसाधन भी मौके पर जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों और राहत-बचाव टीमों की प्राथमिकता टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button