उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने एनडीआरएफ बटालियन गदरपुर का किया दौरा

गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय गदरपुर-रुद्रपुर भ्रमण कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) बटालियन गदरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनडीआरएफ अधिकारियों एवं जवानों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, आपदा प्रबंधन तैयारियों और राहत एवं बचाव अभियानों से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।

आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। ऐसे में एनडीआरएफ जैसी विशेषज्ञ संस्थाओं की भूमिका जनजीवन की सुरक्षा और आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों में बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक, मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र और बेहतर समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।

एनडीआरएफ जवानों के साहस और सेवा भावना की सराहना

मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ अधिकारियों और जवानों के साहस, अनुशासन, समर्पण एवं सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी जवान पूरी निष्ठा के साथ मानव जीवन की रक्षा के लिए कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ का दक्षता और तत्परता से किया गया कार्य पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने किया पौधरोपण

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य की नींव भी है।

आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग, नियमित प्रशिक्षण और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि मजबूत तैयारी और प्रभावी समन्वय से आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक तेजी एवं प्रभावशीलता के साथ संचालित किया जा सकता है।

अधिकारियों ने दी बटालियन की जानकारी

इस अवसर पर एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बटालियन की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, प्रशिक्षण गतिविधियों और विभिन्न आपदा राहत एवं बचाव अभियानों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, विकास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, एनडीआरएफ कमांडेंट संतोष कुमार, सीएमओ परमिंदर सिंह, डिप्टी कमांडेंट दीपक भट्ट सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button