
देहरादून स्थित लोक भवन परिसर में गुरुवार को बहुउद्देशीय भवनों के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से परियोजना का शिलान्यास किया। यह योजना विभिन्न विभागीय सेवाओं को एक ही परिसर में समेकित रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
एक ही परिसर में मिलेंगी सभी प्रमुख सेवाएं
प्रस्तावित परियोजना के तहत लोक भवन परिसर में चार प्रमुख भवनों का निर्माण किया जाएगा। पहले भवन में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा कक्षों के साथ एक समेकित डिस्पेंसरी स्थापित की जाएगी। दूसरे भवन में सूचना परिसर और कैफेटेरिया, तीसरे में लोक निर्माण विभाग (PWD) का कार्यालय और चौथे भवन में उद्यान विभाग का कार्यालय विकसित किया जाएगा।

पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला को मिलेगा बढ़ावा
सभी भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला शैली में किया जाएगा, जिससे राज्य की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित और प्रोत्साहित किया जा सके। यह पहल स्थानीय निर्माण शैली और कारीगरी को भी नया अवसर प्रदान करेगी।
राज्यपाल ने बताया महत्वपूर्ण पहल
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि इस परियोजना से लोक भवन परिसर में विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। उन्होंने इसे कर्मचारियों और आमजन दोनों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा प्रशासनिक दक्षता में सुधार आएगा।
सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना को सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में विभिन्न विभागों के कार्यालय होने से प्रशासनिक समन्वय मजबूत होगा और नागरिकों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पारंपरिक पहाड़ी शैली में निर्माण से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कारीगरों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्य, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित लोक निर्माण विभाग और लोक भवन से जुड़े कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



