
रुद्रपुर। परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने रुद्रपुर नगर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों से जुड़ी 552 लाख रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: मंत्री प्रदीप बत्रा
प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों में जनसेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाए। शिविरों के माध्यम से जनता को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में जाकर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें, ताकि जो लोग शिविरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे भी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों सहित आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता एवं ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। इससे आम जनता को योजनाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश को अपना परिवार मानकर जनसेवा के कार्य कर रही है। पिछले वर्षों में प्रदेश में अनेक विकास कार्य किए गए हैं और शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
इन विकास योजनाओं का हुआ शिलान्यास
प्रभारी मंत्री ने रुद्रपुर नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें प्रमुख रूप से—
- वार्ड संख्या-38 आवास विकास में विभाजन विभीषिका स्मृति पार्क निर्माण।
- रुद्रा वेंडिंग जोन के दाहिनी ओर एवं यूपीसीएल कार्यालय के पीछे वेंडिंग जोन फेस-02 के लिए 70.51 लाख रुपये की लागत से साइट डेवलपमेंट सिविल कार्य।
- वेंडिंग जोन फेस-02 निर्माण के लिए 90.10 लाख रुपये की योजना।
- वार्ड संख्या-28 मुख्य बाजार स्थित बाटा चौक पर 24.90 लाख रुपये की लागत से घंटाघर निर्माण।
- कलेक्ट्रेट परिसर में 78.78 लाख रुपये की लागत से प्री-कास्ट रूफ टॉप वर्षा जल संचयन परियोजना।
- लंबाखेड़ा में 2.43 करोड़ रुपये की लागत से गौसदन निर्माण।
- ट्रांजिट कैंप में 44.38 लाख रुपये की लागत से नगर निकाय साझा केंद्र निर्माण।
इन परियोजनाओं से शहर में व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, पशु संरक्षण एवं सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
जनसेवा शिविर में 258 आवेदन प्राप्त, 257 लाभार्थियों को मौके पर मिला लाभ
प्रभारी मंत्री ने नगर निगम परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनसेवा स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 30 जनसेवा स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में कुल 258 आवेदन एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 257 लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
विभिन्न विभागों ने उपलब्ध कराईं सेवाएं
समाज कल्याण विभाग द्वारा 10 पेंशन आवेदनों का निस्तारण किया गया तथा 17 दिव्यांग लाभार्थियों को व्हीलचेयर, बैसाखी एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। पूर्ति विभाग ने दो राशन कार्ड जारी किए, जबकि जिला उद्योग केंद्र द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के एक लाभार्थी को लाभान्वित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सात महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई तथा छह गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई। स्वास्थ्य विभाग, होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक विभाग द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पशुपालन विभाग ने पशुओं से संबंधित जानकारी देने के साथ दवाइयों का वितरण किया।
नगर निगम रुद्रपुर के स्टॉल पर पांच जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण, 17 आधार कार्ड अपडेट/सुधार, दो जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए। पोषण अभियान के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को चेक एवं क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा 100 पौधों का वितरण किया गया तथा ‘नमस्ते योजना’ के तहत 10 लाभार्थियों को किट प्रदान की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के चार लाभार्थियों को भी योजना का लाभ दिया गया। विद्युत वितरण खंड को प्राप्त एक शिकायत का मौके पर ही समाधान किया गया।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के समापन के बाद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत नगर निगम परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को पौधे वितरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को प्रकृति संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, भारत भूषण चुघ, अमित नारंग, अनिल चौहान, धीरेन्द्र मिश्रा, हिमांशु शुक्ला, जितेन्द्र गौतम, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस डांगी, खंड विकास अधिकारी आसित आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



