
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश के एक नगर निगम, 12 नगर पालिकाओं और 10 नगर पंचायतों में पार्षदों के मनोनयन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नवमनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का आह्वान किया।
जनसेवा और विकास कार्यों में निभाएं सक्रिय भूमिका: महेंद्र भट्ट
महेंद्र भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार ने विभिन्न नगर निकायों में समर्पित कार्यकर्ताओं को मनोनीत सदस्य के रूप में जनसेवा का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवमनोनीत पार्षद अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि मनोनीत सदस्य शहरों और कस्बों के विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं के समाधान और सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य करेंगे।
सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगे पार्षद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नवमनोनीत पार्षद सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देंगे।



