उत्तराखंडराज्य

कुंभ मेला भारत की महान धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महापर्व: मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेला में उत्तराखंड की देवडोलियों, लोक देवताओं के प्रतीकों और चल विग्रहों के दिव्य स्नान तथा भव्य शोभायात्रा की उत्कृष्ट और अविस्मरणीय व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँगी। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला भारत की महान धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महापर्व है, जो आध्यात्मिक आस्था, संस्कृति और परंपरा का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरिद्वार कुंभ 2027 में राज्य की देवडोलियों का दिव्य स्नान और भव्य शोभायात्रा देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक परंपरा, लोक आस्था और सांस्कृतिक वैभव का साक्षी बनाएगी। यह आयोजन राज्य की लोक संस्कृति को नई पहचान देने का अनोखा अवसर भी होगा।

इस संबंध में देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री धामी से भेंट कर कुंभ मेला 2027 में देवडोलियों की शोभायात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कुंभ मेला प्रशासन, संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएँ भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएँगी, ताकि कुंभ 2027 राज्य की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर और अधिक सशक्त रूप से प्रदर्शित कर सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button