
देहरादून। राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी 2026) के अवसर पर शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड (पिटकुल) के कारपोरेशन मुख्यालय, विद्युत भवन में शनिवार को अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान की शपथ दिलाई गई। रविवार को अवकाश होने के कारण यह कार्यक्रम एक दिन पूर्व आयोजित किया गया।
प्रबन्ध निदेशक ने दिलाई मतदान की शपथ
पिटकुल के प्रबन्ध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने मुख्यालय में कार्यरत समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कार्मिकों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि मतदान केवल हमारा संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रथम कर्तव्य भी है। उन्होंने सभी से प्रत्येक निर्वाचन में उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
टीम भावना से पिटकुल कर रहा नए आयाम स्थापित
इस अवसर पर प्रबन्ध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व, मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष पिटकुल तथा प्रमुख सचिव (ऊर्जा) के मार्गदर्शन में पिटकुल निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। टीम भावना और पूर्ण समर्पण के साथ किए जा रहे प्रयासों का ही परिणाम है कि निगम निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।
“विकल्प रहित संकल्प” से प्रेरित होकर हो रही परियोजनाओं की समीक्षा
उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के प्रेरणासूत्र “विकल्प रहित संकल्प” से प्रेरित होकर कुमायूँ एवं गढ़वाल क्षेत्र में संचालित परियोजनाओं और विद्युत उपकेन्द्रों का दिन-रात्रि भ्रमण कर प्रगति की समीक्षा की गई है। साथ ही पिटकुल एवं अनुबंधित फर्मों के अधिकारियों को समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अभियन्ता हितेन्द्र सिंह ह्यांकी, ईला चन्द्र, पंकज कुमार, महाप्रबन्धक (मानव संसाधन) अशोक कुमार जुयाल, महाप्रबन्धक (वित्त) मनोज कुमार, कम्पनी सचिव अरुण सभरवाल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, अभियन्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



