उत्तराखंडराज्य

जसपुर में सेवा सप्ताह कार्यक्रम आयोजित, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

जसपुर। विकासखंड कार्यालय में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण-जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत सेवा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के सफलतापूर्वक पांच वर्ष पूर्ण होने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के दीर्घायु होने की कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।

प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्य

विनय रोहेला ने कहा कि राज्य में सड़कों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिल रही है और समय व धन की बचत हो रही है।

उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार, किच्छा में एम्स निर्माण, रिंग रोड परियोजना, मेडिकल कॉलेज की स्थापना, गदरपुर बाईपास और गदरपुर बस अड्डे जैसे कई महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रदेश में किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं विकास कार्यों के कारण जनता का डबल इंजन सरकार पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।

योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने पर जोर

दर्जा राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का कार्य किया है, जिससे आम जनता को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश को अपना परिवार मानकर जनसेवा में जुटे हुए हैं और पिछले पांच वर्षों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे किए गए हैं।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह और मुकेश कुमार ने भी मुख्यमंत्री को पांच वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए अपने विचार व्यक्त किए।

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, लाभार्थियों को मिली सेवाएं

सेवा सप्ताह कार्यक्रम में उद्योग, मत्स्य, कृषि, श्रम, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, गन्ना विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

शिविर में पशुपालन विभाग की ओर से तीन पशुपालकों को दवाइयां वितरित की गईं। उद्यान विभाग ने एक किसान को कीटनाशक किट उपलब्ध कराई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने चार महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की।

इसके अलावा होम्योपैथिक विभाग की ओर से 11 लोगों को तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से 85 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। समाज कल्याण विभाग ने एक यूडीआईडी कार्ड बनाया, जबकि वृद्धावस्था पेंशन बंद कराने के लिए 22 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में 20 लोगों के आधार कार्ड भी बनाए गए।

54 शिकायतें प्राप्त, 38 का मौके पर निस्तारण

कार्यक्रम के दौरान कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। उद्योग विभाग, सेवा योजन विभाग, रेशम विभाग और पंजाब नेशनल बैंक की ओर से विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के समापन पर दर्जा राज्य मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनके उत्पादों की खरीदारी भी की।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button