
रूद्रपुर में जिला सभागार में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में पंतनगर एयरपोर्ट की एरोड्रोम समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, परिचालन गतिविधियों और विस्तार योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
एयरपोर्ट परिसर में पेड़ों की कटाई-छंटाई के निर्देश
बैठक में निदेशक विमाननपत्तन भाविप्रा पंतनगर एयरपोर्ट पवन कुमार ने एयरपोर्ट के आसपास बड़े पेड़ों और झाड़ियों के कारण सुरक्षा को संभावित खतरे की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने वन विभाग और एयरपोर्ट अधिकारियों को संयुक्त टीम बनाकर चिन्हित पेड़ों की कटाई-छंटाई और झाड़ियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा बलों की तैनाती और पेट्रोलिंग वाहन की मांग
एयरपोर्ट निदेशक ने परिचालन और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा कार्मिकों की तैनाती और हवाई क्षेत्र में गश्त के लिए पेट्रोलिंग वाहन की आवश्यकता बताई। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को पुलिस मुख्यालय को मांग पत्र भेजकर सुरक्षा बलों की तैनाती और पेट्रोलिंग वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जंगली जानवरों के खतरे को रोकने के लिए हाका अभियान
बैठक में एयरपोर्ट परिसर में जंगली जानवरों के आवागमन से दुर्घटना की आशंका पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने वन विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन को नियमित रूप से हाका अभियान चलाने के निर्देश दिए ताकि जंगली जानवरों को एयरपोर्ट क्षेत्र से दूर रखा जा सके और किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके।
अनधिकृत मांस दुकानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
निदेशक ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास की कॉलोनियों में अवैध मांस की दुकानों के कारण चील और कौएं बड़ी संख्या में इकट्ठा होते हैं, जिससे उड़ान संचालन में खतरा उत्पन्न होता है। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस और प्रशासन को नियमित जांच अभियान चलाकर ऐसी दुकानों को हटाने के सख्त निर्देश दिए।
एयरपोर्ट विस्तार और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
बैठक में पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने विस्तार क्षेत्र में आने वाले अतिक्रमण को चिन्हित कर नोटिस जारी करने और आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन और एनएचएआई को विस्तार कार्यों और स्वीकृतियों में तेजी लाने को कहा गया।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, डैम पंतनगर विश्वविद्यालय बीएस चलाल, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक डाॅ0 उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, डीजीएम भाविप्रा अनूप गुप्ता, एनएचएआई, सिंचाई विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



