
रुद्रपुर। शासन के निर्देशों के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने जिले के सभी चिकित्सालयों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में इन्फ्लुएंजा और निमोनिया से संबंधित मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा है।
सीएमओ ने सभी चिकित्सालयों में संभावित मरीजों के लिए पर्याप्त आइसोलेशन बेड और वार्ड उपलब्ध रखने के साथ ही ऑक्सीजन, वेंटिलेटर एवं अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को भी कहा गया है।
संभावित मरीजों की निगरानी और जांच के निर्देश
डॉ. गोस्वामी ने एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के कार्मिकों को इन्फ्लुएंजा और निमोनिया के संभावित मरीजों की सघन निगरानी करने तथा आवश्यकतानुसार जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने IDSP के तहत गठित रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। टीम को इन्फ्लुएंजा और निमोनिया से संबंधित किसी भी असामान्य स्थिति की लगातार निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल नियंत्रण एवं रोकथाम की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बचाव के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इन रोगों से बचाव और लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को लोगों तक बचाव और सावधानियों से संबंधित आवश्यक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया है।



