फ़िल्मी जगतमनोरंजन

परेश रावल नहीं इस एक्टर की वजह से फिल्म हो रही है लेट, बाबू भैया ने किया खुलासा

नई दिल्ली. फेमस एक्टर परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं. इसमें वह अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ एक बार फिर धमाल मचाते हुए नजर आएंगे. अब परेश रावल ने फिल्म को लेकर चल रहीं तमाम अटकलों पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है. एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ कर दिया कि फिल्म बंद नहीं हुई है और फैंस को निराश होने की जरूरत नहीं है. परेश ने कंफर्म किया कि इस सुपरहिट फ्रैंचाइजी का तीसरा हिस्सा जरूर बनेगा. साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर उनके बिना फिल्म बनी तो डिजास्टर साबित होगी.

द लवारी शो में परेश रावल ने फिल्म में हो रही देरी का असली कारण बताते हुए कहा कि यह सब अक्षय कुमार और फिल्म के मेकर्स के बीच चल रहे कुछ तकनीकी मुद्दों की वजह से अटका हुआ है. प्रोजेक्ट को लेकर चल रही कानूनी पचड़ों की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए परेश रावल ने उन दावों को भी बकवास बताया, जिनमें कहा गया था कि अक्षय ने उन पर 25 करोड़ का केस ठोक दिया है.

अक्षय कुमार और प्रोड्यूसर के बीच फंसा मामला?

परेश रावल ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘बीच में जो यह हल्ला मचा था कि अक्षय कुमार ने मुझ पर 25 करोड़ का दावा किया है, वह सब बस कहने की बातें हैं. यह सब तो कछुआ छाप अगरबत्ती की तरह है, जिसका कोई खास असर नहीं है.’ उन्होंने साफ किया कि जैसे ही प्रोड्यूसर और अक्षय कुमार के बीच का मामला सुलझ जाएगा, वह तुरंत फिल्म साइन करने के लिए तैयार हैं.

बाबू भैया के बिना डिजास्टर होगी हेरा फेरी 3 फिल्म

परेश रावल ने अपने आइकॉनिक किरदार बाबू राव के बारे में बात करते हुए बड़े साफ शब्दों में कह दिया कि उनके बिना ‘हेरा फेरी 3’ की कल्पना करना भी बेकार है. उन्होंने दोटूक कहा कि अगर बाबू भैया के बिना फिल्म बनाने की कोशिश की गई, तो वह एक बहुत बड़ी डिजास्टर साबित होगी. पिंकविला के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘मैं बिना किसी घमंड के यह बात कह रहा हूं कि अगर मेकर्स बाबू राव के बिना फिल्म बनाने का सोच रहे हैं, तो यह फैसला फिल्म को ले डूबेगा.’

100 परसेंट बनकर रहेगी हेरा फेरी 3 फिल्म

एक्टर ने एक बार फिर दोहराया कि फिल्म में हो रही देरी से उनका कोई लेना-देना नहीं है. उन्हें पूरा भरोसा है कि फिल्म जरूर बनेगी. परेश रावल ने कहा, ‘जैसे ही उन दोनों (अक्षय और प्रोड्यूसर) के बीच का मामला सुलझ जाएगा, मैं तुरंत पेपर्स साइन कर दूंगा. यह फिल्म 100 फीसदी बनकर रहेगी.’

‘हेरा फेरी 3’ को लेकर बेताब है फैंस

बता दें कि ‘हेरा फेरी’ सीरीज की पहली फिल्म 1989 की मलयालम फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ पर आधारित थी. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही. साल 2006 में इसके रीमेक ‘फिर हेरा फेरी’ ने राजू (अक्षय कुमार), श्याम (सुनील शेट्टी) और बाबूराव गणपतराव आप्टे (परेश रावल) की मजेदार तिकड़ी को एक अलग ही लेवल पर पहुंचा दिया. हालांकि, ‘हेरा फेरी 3’ की कहानी को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है, लेकिन फैंस अपनी इस ओरिजिनल तिकड़ी को दोबारा साथ देखने के लिए बेताब हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button