उत्तराखंडराज्य

हरिद्वार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 180 फीट लंबे तिरंगे ने बढ़ाया आकर्षण

हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बुधवार को हरिद्वार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक मदन कौशिक के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा आर्य नगर चौक से शुरू होकर चंद्राचार्य चौक पर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

180 फीट लंबे तिरंगे ने खींचा लोगों का ध्यान

तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण 180 फीट लंबा तिरंगा रहा। एनसीसी के छात्रों ने भारत माता के जयघोष के साथ इस विशाल तिरंगे को यात्रा में शामिल किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा।

यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।

तिरंगा देश के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक: मदन कौशिक

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान, एकता और वीरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के निर्माण में अपना योगदान दे।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को और सशक्त बनाना है।

युवाओं की भागीदारी ने बढ़ाया उत्साह

हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तिरंगा हर भारतीय की शान है। हजारों क्रांतिकारियों ने तिरंगे को अपने सीने से लगाकर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रतीक है कि देश के अमर जवान और स्वतंत्रता सेनानी आज भी हर भारतीय के दिल में जीवित हैं।

बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और नागरिक रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा में पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान, कार्यक्रम संयोजक लव शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, राजकुमार अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, सुभाष चंद्र, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, तरुण नय्यर, अनिमेष शर्मा, तुषांक भट्ट, किशन बजाज, आशु चौधरी और विकास प्रधान समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी यात्रा में सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button