उत्तराखंडराज्य

रुद्रपुर में बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, करीब 200 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” साप्ताहिक खेलकूद कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर में भव्य बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन जिला क्रीड़ा कार्यालय, उधम सिंह नगर द्वारा जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती जानकी कार्की के निर्देशन में संपन्न हुआ। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों, खेल अकादमियों एवं प्रशिक्षण केंद्रों से लगभग 200 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ

प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 11 बजे राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) सुरेश भट्ट तथा श्री गुंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सुरेश भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

विभिन्न वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग के साथ-साथ ओपन पुरुष और महिला वर्ग में किया गया। सभी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

अंडर-15 वर्ग के विजेता

अंडर-15 बालक वर्ग में प्रबल कार्की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15-10 और 15-9 के अंतर से मुकाबला जीतकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मनीष रावत उपविजेता रहे।

अंडर-15 बालिका वर्ग में एंजेल भट्ट ने 15-7 और 15-11 से जीत दर्ज कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सिद्धि ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।

ओपन वर्ग में इन खिलाड़ियों ने जीता खिताब

ओपन पुरुष वर्ग में प्रतीक रावत ने कड़े मुकाबले में 15-12 और 15-13 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। इस वर्ग में पार्थ सिन्हा उपविजेता रहे।

वहीं, ओपन महिला वर्ग में मानसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 15-11 और 15-8 से मुकाबला जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। माही यादव उपविजेता रहीं।

अन्य खिलाड़ियों ने भी किया प्रभावशाली प्रदर्शन

प्रतियोगिता में पीयूष धनु (इम्यूनिटी पब्लिक स्कूल), शान राणा (जेएसएस पब्लिक स्कूल) तथा डी.सी. बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर प्रतियोगिता की गरिमा बढ़ाई।

विधायक शिव अरोड़ा ने किया सम्मानित

कार्यक्रम का समापन विधायक शिव अरोड़ा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

अनेक खेल प्रशिक्षक एवं गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत, एथलेटिक्स कोच रघुवीर सिंह विर्क, कबड्डी कोच गौरव उपाध्याय, क्रिकेट कोच नवनीत राय, हैंडबॉल कोच रघु रावत, एथलेटिक्स कोच हरीश राम, हॉकी कोच मोहित रावत, बास्केटबॉल कोच सुधा जोशी, फेंसिंग कोच स्मिता नेगी तथा वॉलीबॉल कोच गुरमीत सिंह गुरनूर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हरीश गाने ने किया।

निर्णायकों ने निभाई अहम भूमिका

प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक के रूप में उमेश गढ़िया एवं गोविंद परिहार (बैडमिंटन कोच) ने निष्पक्ष एवं सफल संचालन की जिम्मेदारी निभाई।

खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर दिया जोर

अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती जानकी कार्की ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार का “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने, युवाओं को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने तथा नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी जिले में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का गौरव बढ़ा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button