उत्तराखंडराज्य

देहरादून: भाजपा में कांग्रेस, बसपा, यूकेडी और स्वराज सेवा दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ग्रहण की सदस्यता

देहरादून। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस, बसपा, यूकेडी, स्वराज सेवा दल सहित विभिन्न दलों के सैकड़ों महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि कुमाऊं से गढ़वाल तक सरकार और संगठन के कार्यों से प्रभावित होकर सभी दलों के कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ रहे हैं। पार्टी ने विधानसभावार 2 से 3 हजार लोगों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें विधायकों की अहम भूमिका रहेगी।

नवागंतुक सदस्यों का स्वागत

बलबीर रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राजपुर रोड विधानसभा और युवा मोर्चा पदाधिकारियों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और विधायक राजपुर खजान दास ने नवागंतुक सदस्यों का स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का पार्टी से जुड़ना डबल इंजन सरकार के कार्यों पर जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने नए सदस्यों को उचित सम्मान का भरोसा दिलाते हुए मिशन 2027 के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी, रुद्रपुर, पिथौरागढ़, देहरादून, हरिद्वार और गढ़वाल क्षेत्र में भी हजारों लोग पार्टी से जुड़ चुके हैं

पार्टी की रीति-नीति और विस्तार

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके देशभर में सर्वाधिक जनप्रतिनिधि हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र में लगातार तीसरी बार और प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनने के साथ ही भाजपा 20 से अधिक राज्यों में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व महानगर महामंत्री सौरभ सचदेवा सहित अनेक राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके अतिरिक्त स्वराज सेवा दल, बसपा और अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी में आस्था व्यक्त की। बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शीशपाल चौधरी के पुत्र शेखर चौधरी ने भी युवा साथियों के साथ सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारी

प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन सिंह रावत, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, धीरेन्द्र पंवार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि सदस्यता अभियान के दूसरे चरण में प्रदेशभर में उत्साह देखने को मिल रहा है और पार्टी विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर संगठन विस्तार में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button