उत्तर प्रदेशराज्य

रुद्रपुर में महिला नेतृत्व सशक्तिकरण के लिए चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण प्रारम्भ

रुद्रपुर। स्थानीय सुशासन को सशक्त, समावेशी एवं उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार ऊधम सिंह नगर में चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण (Training of Trainers – TOT) कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ। यह कार्यक्रम 22 से 25 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक करने के लिए मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे महिलाएं स्वयं गांव स्तर पर कार्ययोजना बनाकर विकास कार्यों को सुचारू रूप से लागू कर सकेंगी। साथ ही, अतिरिक्त ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में ग्राम पंचायतों को मॉडल ग्राम पंचायत बनाने के प्रयास को भी प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य और विषय

जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला प्रतिनिधियों को नेतृत्व कौशल, संवाद क्षमता, संवैधानिक समझ और स्थानीय प्रशासन के संचालन की दक्षता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रधान के परिवारजनों द्वारा कार्य में हस्तक्षेप करना 73वें संविधान संशोधन के अनुरूप नहीं है और इसे समाप्त करने हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

एस.पी.आर.सी. टीम, पंचायतीराज निदेशालय देहरादून के सुबोध भंडारी ने कहा कि प्रशिक्षण में महिला प्रतिनिधियों को व्यक्तित्व विकास, जेंडर एवं पितृसत्ता की अवधारणा, पंचायतीराज व्यवस्था, हितधारक मैपिंग, फंड फंक्शन फंक्शनरी और ग्राम सभा की प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शिक्षित किया जाएगा।

प्रशिक्षण में प्रतिभागी

इस चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में 37 प्रतिभागियों के रूप में ग्राम प्रधान, पूर्व ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शामिल हैं। यह कार्यक्रम कुमायूँ मण्डल के 9,000 से अधिक महिला पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित करने के लिए जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

प्रशिक्षण उद्घाटन सत्र में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत श्री भट्ट, एस.पी.आर.सी. टीम के प्रतिनिधि, कुमाऊँ मंडल की महिला ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button