
रूद्रपुर। उपाध्यक्ष (राज्य स्तरीय) बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति, उत्तराखण्ड, ज्योति प्रसाद गैरोला ने सोमवार को जिला सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा की। बैठक में उपाध्यक्ष ने डी श्रेणी में आने वाले मदों के अधिकारियों से जानकारी ली और उन्हें ए श्रेणी प्राप्त करने के लिए कड़े निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर लोगों को योजनाओं की जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि अक्सर पात्र व्यक्ति योजनाओं से अनभिज्ञ होने के कारण लाभ नहीं ले पाते। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर पात्र व्यक्तियों को लाभ पहुँचाया जाए।
प्रधानमंत्री मातृ वंदन, हर-घर जल और पीएमजीएसवाई मदों की समीक्षा
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना की दो मदों में लक्ष्य अधिक होने के कारण रैंकिंग प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि शासन को लक्ष्य कम करने हेतु पत्राचार किया गया है और निर्देशों का पालन कर जनपद को ए श्रेणी में लाया जाएगा।
अधिशासी अभियंता पेयजल खटीमा ने अवगत कराया कि हर-घर जल योजना में शासन से पूर्ण हुए कार्यों की धनराशि अवमुक्त होने के बाद ए श्रेणी रैंकिंग प्राप्त हो जाएगी। वहीं पीएमजीएसवाई मद में मार्च 2026 तक कार्य कराते हुए ए श्रेणी प्राप्त की जाएगी।
ग्रामीण स्तर पर जन-जागरूकता और संवाद
बैठक के उपरांत उपाध्यक्ष ग्राम पंचायत भमरौला पहुंचे और स्थानीय लोगों से संवाद कर सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार-जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत न्याय पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें अधिक से अधिक लोग पहुँचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएँ।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान गौसिया रहमान ने क्षेत्र में कराये गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी
बैठक में संयुक्त निदेशक, अर्थ एवं संख्या, बीस सूत्री कार्यक्रम, टीएस अन्ना, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, प्रभारी जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रीति चोपड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



