उत्तराखंडराज्य

“रिवायत-ए-रेशम” फैशन शो में दून सिल्क का जलवा

देहरादून में 7 दिवसीय सिल्क मार्क एक्सपो-2025 का शुभारंभ,

देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित होटल मधुबन में रविवार से सिल्क मार्क एक्सपो-2025 की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया। इस आयोजन का संयुक्त रूप से केन्द्रीय रेशम बोर्ड, भारत सरकार, उत्तराखंड रेशम फेडरेशन और रेशम निदेशालय द्वारा किया गया है। यह एक्सपो 28 सितम्बर तक चलेगा।

उद्घाटन अवसर पर देशभर के 12 राज्यों से आए 26 स्टॉलों पर शुद्ध रेशम उत्पादों की शानदार झलक देखने को मिली। रेशमी साड़ियों ने विशेष आकर्षण खींचा, जिनकी कीमत पाँच हजार से लेकर दो लाख रुपये तक रही।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा फैशन शो “रिवायत-ए-रेशम-2”, जिसमें बी.एस. नेगी महिला प्राविधिक प्रशिक्षण संस्थान, देहरादून की छात्राओं ने रैंप पर ‘दून सिल्क’ ब्रांड के परिधानों का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने रेशमी साड़ियाँ, कुर्ते, वेस्टकोट, टोपियाँ और स्वनिर्मित ज्वैलरी के साथ परंपरा और आधुनिकता का बेहतरीन संगम प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

इस मौके पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि रेशम निदेशालय और फेडरेशन का समन्वय उत्पादन क्षमता को बढ़ाने में मददगार है। आने वाले समय में और पावरलूम स्थापित कर फेडरेशन को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में करीब 6500 रेशम कीटपालक इस उद्योग से जुड़े हैं, जिन्हें आने वाले समय में दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है।

रेशम फेडरेशन के प्रबंध निदेशक आनंद ए.डी. शुक्ला ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देते हैं और ‘दून सिल्क’ ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक होंगे।

कार्यक्रम में केन्द्रीय रेशम बोर्ड के संयुक्त सचिव (तकनीकी) दयारथी बेहरा, फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष चै. अजीत सिंह, प्राचार्या नमिता ममगाईं, सहायक निदेशक विनोद तिवारी, महाप्रबंधक मातबर कंडाकारी, वैज्ञानिक सुरेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में विशिष्टजन, अधिकारी और फैशन प्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button