
देहरादून। सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित किए जा रहे 43 लाउडस्पीकर हटवाए गए।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम के साथ किया निरीक्षण
पुलिस ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम के साथ मिलकर विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर लगाए गए ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच की। निरीक्षण के दौरान जिन लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक पाई गई, उन्हें हटाने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने संबंधित संचालकों को निर्देश दिए कि भविष्य में लाउडस्पीकर का उपयोग सक्षम अनुमति और निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए।
नियमों के पालन के लिए किया जागरूक
अभियान के दौरान पुलिस ने धार्मिक स्थलों से जुड़े लोगों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। साथ ही ध्वनि प्रदूषण से होने वाले प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति या संस्था निर्धारित नियमों का उल्लंघन करती पाई गई तो उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



