
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। चुनाव के लिए जिला पंचायत और नगर स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की ओर से जारी अधिसूचना के तहत जिला मजिस्ट्रेट एवं रिटर्निंग ऑफिसर (जिला योजना समिति) नितिन सिंह भदौरिया ने मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन को लेकर निर्धारित कार्यक्रम जारी कर दिया है।
8 सितंबर को जारी होगा मतदाता सूची का प्रारूप
जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन 8 सितंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची का निरीक्षण करने तथा दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 10 सितंबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है।
12 सितंबर को दावे-आपत्तियों का होगा निस्तारण
प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच के बाद उनका निस्तारण 12 सितंबर 2026 को किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद संशोधित एवं अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में जमा होंगे दावे और आपत्तियां
जिला मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने और उनके निस्तारण की प्रक्रिया जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में संपन्न होगी। संबंधित निर्वाचित सदस्य निर्धारित तिथियों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।



