
रुद्रपुर स्थित शिवालिक वेलोड्रम में आयोजित अस्मिता वूमेन लीग राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2025-26 के दूसरे दिन का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को सुप्रिटेंडेंट ऑफ पुलिस ऊधम सिंह नगर उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी जुबैक सक्सेना, उत्तराखंड ओलंपिक संघ की प्रतिनिधि आकांक्षा निगम, महासचिव डीके सिंह और जिला खेल अधिकारी जानकी कार्की द्वारा सम्मानित किया गया।
खेल जगत के कई गणमान्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उत्तराखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी, महासचिव दिवेश पांडे, संयुक्त सचिव विजय पाठक सहित साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक और नीरज तंवर भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।

देशभर की महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दम
साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और खेलो इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए। देश के अलग-अलग राज्यों और जोनों से आई महिला साइकिलिस्टों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों को प्रभावित किया और अपने-अपने वर्गों में पदक हासिल किए।
249 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से कुल 249 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। दो दिन तक चले इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तकनीकी टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तमिलनाडु से एम. गायत्री तकनीकी अध्यक्ष के रूप में और दिल्ली से विजय नारायण सिंह रेस डायरेक्टर के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ कई तकनीकी अधिकारियों ने प्रतियोगिता के संचालन में सहयोग दिया।
महिला खेल प्रतिभाओं को मिला नया मंच
अस्मिता वूमेन लीग के माध्यम से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का उत्कृष्ट अवसर मिला। इस तरह के आयोजन न केवल खेलों को बढ़ावा देते हैं, बल्कि महिलाओं को खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करते हैं।



