
देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नंदा की चौकी से विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक रैली निकालकर जोरदार नारेबाजी की और विश्वविद्यालय गेट का घेराव किया।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला भी दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया।
पेपर लीक को लेकर सरकार पर कांग्रेस का हमला
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होना प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में तकनीकी शिक्षा, नीट और यूकेएसएसएससी जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा कराने वाली एजेंसियों और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की न्यायिक और निष्पक्ष जांच कराई जाए। ऐसा नहीं होने पर कांग्रेस प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
छात्रों और अभिभावकों का टूटा भरोसा: प्रीतम सिंह
प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि नीट और तकनीकी शिक्षा परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा प्रभावित हुआ है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठाएगी।
परीक्षा प्रणाली में सुधार की जरूरत: डॉ. हरक सिंह रावत
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि गरीब परिवारों के छात्र कड़ी मेहनत और माता-पिता की मेहनत की कमाई से अपनी तैयारी करते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाओं से उनका मनोबल टूटता है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में गंभीर खामियां सामने आ रही हैं और इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के बाद नेताओं को लिया गया हिरासत में
विश्वविद्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को सुद्धोवाला जेल ले जाया गया, जहां कुछ समय बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



