उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के सांकरी में विंटर फेस्टिवल का शुभारंभ किया

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी जनपद के सांकरी में आयोजित केदारकांठा पर्यटन तीर्थाटन शीतकालीन महोत्सव (विंटर फेस्टिवल) में प्रतिभाग कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने पर्यटक दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और शीतकालीन पर्यटन को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतकालीन पर्यटन आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव है।

स्वागत और अवलोकन

तेजी से उभरते पर्यटन केंद्र सांकरी में मुख्यमंत्री का पारंपरिक ऊनी परिधान पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से संवाद किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांकरी केवल एक गांव नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का जीवंत संग्रहालय है।

शीतकालीन पर्यटन और विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के आह्वान के बाद केदारकांठा, हर्षिल, औली, मुनस्यारी और सांकरी जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं, और युवा ट्रेकिंग गाइड, होम-स्टे, होटल एवं पर्यटन से जुड़े अन्य कार्यों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शीतकालीन पर्यटन लोक कलाकारों, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय उत्पादों को नया बाजार देगा, जिससे पलायन में भी कमी आएगी।

सरकारी परियोजनाएँ और उपलब्धियाँ

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कनेक्टिविटी सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर रही है। उत्तरकाशी में पार्किंग निर्माण, सड़क परियोजनाएं और पुरोला उप जिला चिकित्सालय जैसी अनेक योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं।

सिलक्यारा टनल हादसे का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 दिनों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की संवेदनशीलता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।

कानून, संस्कृति और पारदर्शिता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों, कानून व्यवस्था और पारदर्शिता को भी सुदृढ़ कर रही है। समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, सख्त भू-कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के माध्यम से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है।

क्षेत्रीय विकास और घोषणाएँ

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल द्वारा सौंपे गए मांग पत्र का परीक्षण कर यथासंभव घोषणाओं में शामिल किया जाएगा। साथ ही टटाउ महाविद्यालय के सड़क मार्ग को भी घोषणाओं में सम्मिलित किया जाएगा।

विधायक और अन्य प्रतिनिधियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि हरकीदून, केदारकांठा, भराड़सर, देवक्यारा, चांईशील और सरूताल जैसे पर्यटन स्थलों के केंद्र सांकरी में आयोजित विंटर फेस्टिवल से क्षेत्र के पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, दायित्वधारी जगत सिंह चौहान, पूर्व विधायक मालचंद, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, मुख्य विकास अधिकारी जयभारत सिंह, एसडीएम मुकेशचंद रमोला, ब्लॉक प्रमुख रणदेब राणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग और पर्यटक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button