उत्तराखंडराज्य

सीएम धामी ने 9.91 लाख लाभार्थियों को जारी की 147 करोड़ रुपये की पेंशन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन किस्त वन-क्लिक के माध्यम से जारी की। इस दौरान प्रदेश के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 147 करोड़ 05 लाख रुपये की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। साथ ही अगस्त माह में विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई।

पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र लाभार्थियों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

आधार नहीं बनने पर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने पेंशन व्यवस्था को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं लाभार्थी केंद्रित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कहा कि आधार से जुड़ी किसी समस्या के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए।

9.91 लाख लाभार्थियों के लिए 147 करोड़ रुपये निर्धारित

प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के लिए कुल 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।

इनमें 2 लाख 14 हजार 711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के अंतर्गत हैं, जबकि 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य स्तर की योजनाओं से आच्छादित हैं।

अगस्त माह के पेंशन भुगतान में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।

5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत

अगस्त माह में स्वीकृत 5,605 नई पेंशन में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं। इनमें:

  • वृद्धावस्था पेंशन: 3,945
  • विधवा पेंशन: 1,000
  • दिव्यांग पेंशन: 416
  • किसान पेंशन: 106
  • परित्यक्ता पेंशन: 23
  • भरण-पोषण अनुदान: 115

सितंबर में राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ओर से 18 और 19 सितंबर 2026 को डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र, जनपथ, नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है।

इस सम्मेलन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता से संबंधित प्रमुख प्राथमिकताओं को लेकर केंद्र सरकार, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच संवाद किया जाएगा।

बैठक में समाज कल्याण मंत्री खजानदास, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल, सहायक निदेशक हेमलता पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button