
देहरादून। दून विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पलायन रोकने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने, विज्ञान एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं और देहरादून की यातायात व्यवस्था से जुड़े सवाल मुख्यमंत्री के सामने रखे।
पलायन रोकने के लिए रोजगार और स्वरोजगार पर जोर
पलायन और रोजगार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमशाला, मुख्यमंत्री स्वरोजगार और सौर स्वरोजगार योजना संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के माध्यम से भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर स्थानीय स्तर पर आजीविका के साधन बढ़ाने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने की दिशा में प्रयास
उच्च शिक्षा से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उच्च शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इससे प्रदेश में विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे तथा युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
एआई के दौर में युवाओं को बनना होगा ‘फ्यूचर रेडी’
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी बदलावों के कारण रोजगार पर पड़ने वाले प्रभाव से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के साथ रोजगार का स्वरूप भी लगातार बदल रहा है और नई संभावनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने युवाओं से अपने कौशल को समय के साथ लगातार अपडेट करने और ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को आधुनिक कौशल और नई तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि वे बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
एलिवेटेड रोड से जाम की समस्या कम होने की उम्मीद
देहरादून में जाम की समस्या से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके स्थायी समाधान के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है। बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होने और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।



