उत्तराखंडराज्य

14 मार्च को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, विभिन्न मामलों का होगा त्वरित निस्तारण

रुद्रपुर में 14 मार्च 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मा. उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए योगेन्द्र कुमार सागर ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के तत्वाधान में यह लोक अदालत आयोजित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि 14 मार्च 2026 को द्वितीय शनिवार के दिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक रुद्रपुर स्थित जिला न्यायालय के साथ-साथ बाह्य स्थित दीवानी न्यायालयों काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज और किच्छा में भी राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी।

प्री-लिटिगेशन मामलों का भी किया जाएगा समाधान

सचिव योगेन्द्र कुमार सागर ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन से जुड़े कई प्रकार के मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इनमें भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, विद्युत और जलकर बिल से संबंधित मामले, धारा 138 एनआई एक्ट से जुड़े प्रकरण, आपराधिक शमनीय व सिविल मामलों का समाधान शामिल है।

न्यायालयों में लंबित मामलों का भी होगा निपटारा

लोक अदालत के माध्यम से न्यायालयों में लंबित कई मामलों का भी निस्तारण किया जाएगा। इनमें शमनीय प्रकृति के आपराधिक मामले, धारा 138 एनआई एक्ट के प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम विवाद, विद्युत और जलकर बिल संबंधी मामले तथा वैवाहिक विवाद (तलाक को छोड़कर) शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण, भुगतान और भत्तों से जुड़े सेवा मामलों, जिला न्यायालय में लंबित राजस्व वाद, मोटर वाहन अधिनियम के तहत शमनीय अपराधों के चालान और सिविल मामलों जैसे किरायेदारी, सुखाधिकार और व्यादेश से जुड़े मामलों का भी समाधान किया जाएगा।

लोक अदालत में मामलों के निस्तारण के लिए करें आवेदन

सचिव योगेन्द्र कुमार सागर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अपने मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में करवाना चाहते हैं, वे संबंधित न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस में स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र देकर अपने वादों को सूचीबद्ध करा सकते हैं। इसके अलावा जिला न्यायालय परिसर में स्थित एडीआर केंद्र रुद्रपुर में भी आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर केंद्र रुद्रपुर के हेल्प डेस्क नंबर 9411531449, ईमेल dlsausnagar@gmail.com और फोन नंबर 05944-250682 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button