
देहरादून, 19 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परिवर्तन पिक्चर के बैनर तले बनी डॉक्यूमेंट्री ‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ (उत्तराखंड) के टीज़र और पोस्टर का विमोचन किया। डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक हैं ऋषभ कोहली और प्रशांत उपाध्याय।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री सामूहिक प्रयास और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत चित्रण करती है। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन उत्तराखंड के इतिहास में प्रेरणादायक अध्याय बन चुका है, जिसमें सभी एजेंसियों, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने अभूतपूर्व समन्वय के साथ कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से लोग इस अभियान में अपनाई गई तकनीकी दक्षता और राज्य के जज़्बे की झलक देख पाएंगे। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उत्तराखंड की ‘संकल्प और सेवा’ की भावना का प्रतीक है और युवा पीढ़ी को कठिन परिस्थितियों में धैर्य, साहस और कर्मनिष्ठा का संदेश देगी।
निर्देशक ऋषभ कोहली ने बताया कि फिल्म सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित है, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं इस ऐतिहासिक बचाव अभियान की कहानी का विस्तार से प्रस्तुतीकरण करते हैं। फिल्म में तकनीकी चुनौतियों, मानवीय जुझारूपन और उत्तराखंड की सांस्कृतिक व नेतृत्व क्षमता को प्रमुख रूप से दिखाया गया है। डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग उत्तराखंड में की गई है और इसे जल्द ही बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ किया जाएगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के सीईओ बंशीधर तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार अनुपम त्रिवेदी, उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के चेयरमैन शादाब शम्स, निर्देशक ऋषभ कोहली के पिता एवं पत्रकार नीरज कोहली सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



