
देहरादून, 19 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों और विकासखंडों को प्रशस्ति पत्र और पदक से सम्मानित किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने “Uttarakhand at 25: A Himalayan State With Infinite Possibilities” पुस्तक का विमोचन भी किया। नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जनपदों को सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत गदरपुर, मोरी और स्याल्दे विकासखंडों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ये कार्यक्रम स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर, सामाजिक विकास एवं वित्तीय समावेशन जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व सुधार को दर्शाते हैं। उन्होंने बताया कि नीति आयोग की रैंकिंग में हरिद्वार जनपद ने वर्ष 2022 में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने राज्य में सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र के साथ विकास कार्यों पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से प्रदेश को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने का प्रयास बताया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट का उल्लेख करते हुए बताया कि ₹3.56 लाख करोड़ से अधिक के एमओयू साइन हुए, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ से अधिक का निवेश पहले ही जमीन पर लागू हो चुका है। उन्होंने राज्य में पर्यटन, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का भी विवरण दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में अचीवर्स श्रेणी, और बेरोजगारी दर में राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन प्राप्त हुआ है। पर्यटन क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कारों से राज्य को वैश्विक मान्यता मिली है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, डायरेक्टर डॉ. मनोज पंत सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



