उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेलकूद और सांस्कृतिक महोत्सव में भाग लिया, विकास और सांस्कृतिक संरक्षण पर दिया जोर

टिहरी गढ़वाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज छाम, थौलधार में सांस्कृतिक विकास समिति द्वारा आयोजित प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत पंजीकरण कराने वाले लोगों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

सांस्कृतिक संरक्षण और परंपरा का महत्व

मुख्यमंत्री ने भगवान नागराजा की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सांस्कृतिक पुनर्जागरण कार्य जारी है, जिसमें अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल कॉरिडोर तथा बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम के विकास जैसे ऐतिहासिक कार्य शामिल हैं। राज्य सरकार भी हरिद्वार–ऋषिकेश कॉरिडोर सहित कई परियोजनाओं पर काम कर रही है।

खेल और पर्यटन में उत्तराखंड की प्रगति

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में विकसित किया जा रहा है। खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए स्पोर्ट्स अकादमी की स्थापना की जा रही है। टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग सहित विभिन्न साहसिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

स्वरोजगार और सामाजिक विकास योजनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार रिवर्स पलायन, स्वरोजगार, होम-स्टे, स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी योजना तथा आयुष वेलनेस सेक्टर को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। नीति आयोग की सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जिसे बनाए रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक 10 हजार से अधिक सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं और 6 हजार से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं। दंगारोधी कानून के तहत दंगाइयों से नुकसान की भरपाई की जाएगी। सरकार प्रदेश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार कार्यरत है।

स्व. अंकिता भंडारी प्रकरण

मुख्यमंत्री ने स्व. अंकिता भंडारी प्रकरण पर कहा कि राज्य सरकार हमेशा उनके परिवार के साथ खड़ी रही है। एसआईटी की गहन जांच के आधार पर न्यायालय ने तीनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दी। माता-पिता की सीबीआई जांच की मांग पर सरकार ने हर स्तर पर सहयोग किया और उनकी भावनाओं का सम्मान किया।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार, विधायक किशोर उपाध्याय, थौलधार ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र भंडारी, पूर्व प्रमुख ज्योत सिंह बिष्ट, संजय नेगी, विनोद उनियाल, ब्लॉक भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत और पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button