उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दक्षेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना

हरिद्वार स्थित प्राचीन दक्षेश्वर महादेव मंदिर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिविधान से दुग्धाभिषेक, पूजा-अर्चना एवं यज्ञ-हवन संपन्न किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना करते हुए भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए भी महादेव दक्षेश्वर से प्रार्थना की।

साधु-संतों ने किया मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत

मंदिर परिसर में पहुंचने पर विभिन्न अखाड़ों के साधु-संतों ने पुष्प मालाओं से मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने अखाड़ों के पदाधिकारियों एवं संत समाज से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान संतों से आशीर्वाद प्राप्त कर उन्होंने आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे उत्तराखंड की पहचान वैश्विक स्तर पर और सशक्त हो सके।

कुंभ 2027 को लेकर संत समाज का समर्थन

श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रविंद्र पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा संस्कृति संरक्षण हेतु उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए संत समाज राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।

अनेक अखाड़ों के संत रहे उपस्थित

इस अवसर पर अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत राजेंद्र दास, दिगंबर अखाड़े के वैष्णो दास, निर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत मुरलीदास, निर्मल अखाड़े के कोठारी जसविंदर सिंह, बड़ा उदासीन अखाड़े के राघवेंद्र दास, नया अखाड़े से जगतार मुनि, अटल अखाड़े के सत्य गिरी और मनोज गिरी सहित बड़ी संख्या में साधु-संत उपस्थित रहे।

हेलीपैड पर हुआ औपचारिक स्वागत

दयानंद स्टेडियम स्थित हेलीपैड पर पहुंचने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने मुख्यमंत्री का श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर स्वागत किया। इसके साथ ही भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्प मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री सुनील सैनी, ओमप्रकाश जमदग्नि, जयपाल सिंह चौहान, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा व आशु चौधरी, गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button