उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने पत्नी संग देखी ‘हनुमान अंश’, नीम करौली बाबा के जीवन और संदेश को बताया प्रेरणादायी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी के साथ प्रसिद्ध संत एवं आध्यात्मिक विभूति श्री नीम करौली बाबा के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा समेत विभिन्न दायित्वधारी, गणमान्य नागरिक और अन्य लोग उपस्थित रहे।

नीम करौली बाबा का जीवन मानव सेवा की प्रेरणा: धामी

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदियों से समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती आई है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का एक प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि महान संतों और समृद्ध आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। नीम करौली बाबा का कैंची धाम आज देश-विदेश में श्रद्धा और आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना चुका है।

भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से नई पीढ़ी को जोड़ने का प्रयास

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संतों के जीवन, विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्मों के माध्यम से समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिलता है।

7 अगस्त 2026 को देशभर में रिलीज हुई फिल्म

मुख्यमंत्री ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ के निर्माताओं और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है, जबकि शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं।

हिंदी भाषा में बनी यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button