उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने आज काशीपुर पहुंच कर प्रबुद्धजनो से भेंट एवं विचार विमर्श कार्यक्रम में प्रतिभाग किया

काशीपुर: सूबे के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज काशीपुर पहुंच कर प्रबुद्धजनो से भेंट एवं विचार विमर्श कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इस सभागार में काशीपुर के डॉक्टर्स, इंजीनियर, शिक्षाविद, अधिवक्ता, उद्यमी व व्यापारीगण, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन उपस्थित हैं, आप सभी अपने-अपने क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, अनुभव, ज्ञान, सेवा भाव और संकल्प के माध्यम से न केवल समाज को सशक्त बना रहे हैं, बल्कि देश और प्रदेश को प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यदि ये कहा जाए कि आप सभी आदरणीय प्रधानमंत्री जी के “विकसित भारत@2047” के संकल्प को साकार करने वाले अग्रदूत हैं, तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आज के इस कार्यक्रम में आप सभी के साथ किया गया सार्थक संवाद “उत्तराखंड के विकास” के हमारे सामूहिक संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” की नीति के साथ भारत विकास और समृद्धि के नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत में न केवल निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है, बल्कि इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय जैसे क्षेत्रों में भी व्यापक परिवर्तन आया है। प्रधानमंत्री जी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और इस संकल्प को साकार करने के लिए आज योजनाबद्ध तरीके से कार्य भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज स्टार्टअप इंडिया, वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। यही नहीं, आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम खड़ा करने वाला देश बन चुका है। हमारे स्टार्टअप्स ग्लोबल इनोवेशन में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया ने आम नागरिक तक तकनीक को पहुँचाया है और “आत्मनिर्भर भारत” के अभियान ने देश को उत्पादन और विनिर्माण का हब बनाने का मार्ग प्रशस्त किया है।

श्री धामी ने कहा कि विश्व के बड़े-बड़े देश ये देखकर अचंभित हैं कि भारत में सब्जी की एक छोटी सी दुकान लगाने वाली महिला भी यूपीआई के ज़रिए मोबाइल से पेमेंट का लेनदेन कर रही है। आज देश के 55 करोड़ से अधिक लोग बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर विश्व की एक बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button