उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने देवीधुरा माँ वाराही शक्तिपीठ धाम का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा

देवीधुरा (चम्पावत) में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध माँ वाराही शक्तिपीठ धाम का दौरा कर मंदिर के नवनिर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है माँ वाराही धाम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि माँ वाराही धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धाम का विकास इस प्रकार किया जाएगा कि इसकी पौराणिक गरिमा और मूल स्वरूप सुरक्षित रहे, साथ ही श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि माँ वाराही शक्तिपीठ आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

पूजा-अर्चना कर की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

₹15 करोड़ की लागत से होगा भव्य पुनर्निर्माण

जानकारी के अनुसार माँ वाराही धाम के भव्य पुनर्निर्माण का कार्य लगभग ₹15 करोड़ की अनुमानित लागत से किया जा रहा है। यह कार्य चार खाम सात थोक एवं माँ वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा आगामी दो से तीन वर्षों में पूरा किया जाएगा।

निर्माण कार्य में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग किया जाएगा, जबकि स्थापत्य और शिल्प कार्य गुजरात के अनुभवी कारीगरों की देखरेख में संपन्न होगा।

पुस्तक भेंट और गणमान्य लोगों की उपस्थिति

इस अवसर पर जगदीश चंद्र गहतोड़ी ‘नवनीत’ ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत निपुण भारत अभियान पर आधारित अपनी पुस्तक “निपुण का संगीत” भेंट की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, माँ वाराही मंदिर समिति के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, समिति अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button