
चम्पावत में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस जांच के बीच अब नया मोड़ सामने आया है। जहां पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है, वहीं दूसरी ओर एक आरोपी के पिता ने पूरे प्रकरण को राजनीतिक साजिश करार दिया है।
आरोपी के पिता ने जताई निर्दोषता की बात
आरोपी के पिता राम सिंह ने अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए कहा है कि उसे जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज से प्रार्थना करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
सेना में भर्ती बेटे का दिया हवाला
राम सिंह ने दावा किया कि उनका बेटा अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती है और उसका भविष्य उज्ज्वल है। उनका कहना है कि कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक दुर्भावना के चलते उसे इस गंभीर मामले में घसीटा गया है।
निष्पक्ष जांच की मांग
पिता ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और सच्चाई जल्द सामने आएगी। इस दौरान वे भावुक भी नजर आए।
पुलिस ने दी जांच की जानकारी
वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है। अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पहले बरामद हुई थी नाबालिग
गौरतलब है कि 6 मई को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को बरामद किया था और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया था। पीड़िता के बयान के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।



