
देहरादून – भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के पर्वतीय स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए शीघ्र ही ‘मेरी गणना, मेरा गांव’ अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत देश और विदेश में रहने वाले उत्तराखंड के प्रवासियों से अपील की जाएगी कि वे अपनी जनगणना अपने मूल गांव में सुनिश्चित कराएं।
पर्वतीय क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व की मजबूती
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आगामी जनगणना राज्य के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पिछली जनगणना के बाद परिसीमन में पर्वतीय क्षेत्रों की विधानसभा सीटों की संख्या कम होना एक दुखद अनुभव था। भाजपा का उद्देश्य है कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व मजबूत बना रहे।
विशेष टीम के माध्यम से अभियान
भट्ट ने कहा कि भाजपा शीघ्र ही एक विशेष टीम गठित कर इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाएगी। यह टीम देश और विदेश में रह रहे उत्तराखंडवासियों से संपर्क कर उन्हें अपने गांव में गणना कराने के लिए प्रेरित करेगी।
विपक्ष पर पलटवार
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा भाजपा पर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि असली प्रमाणपत्र जनता चुनाव में देती है। जनता ही तय करती है कि किसे राम का वंशज और किसे रावण का। भाजपा को किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है।
कांग्रेस पर आरोप
महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा की सरकारें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम करती हैं, जबकि तुष्टिकरण कांग्रेस और विपक्ष का पुराना एजेंडा रहा है।
युवा नेतृत्व और संगठन की मजबूती
दिल्ली में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से हुई मुलाकात के संबंध में महेंद्र भट्ट ने बताया कि प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें बधाई दी गई और शीघ्र उत्तराखंड आकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने का अनुरोध किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेतृत्व कार्यकर्ताओं की मेहनत और योग्यता के आधार पर चुना जाता है, न कि पारिवारिक विरासत से। युवा नेतृत्व के आने से संगठन में नई ऊर्जा और जोश का संचार हुआ है।



