उत्तराखंडराज्य

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, काशीपुर क्षेत्र में भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर और काशीपुर क्षेत्रों में अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग ने पूरी तरह से शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आबकारी आयुक्त के कड़े आदेशों का पालन करते हुए विभाग की संयुक्त टीमों ने क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमायूँ मण्डल (हल्द्वानी) के.के. काण्डपाल और जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर महेंद्र सिंह बिष्ट के कुशल निर्देशन में अंजाम दी गई।

ग्राम कलियावाला और गढ़ीहुसैन में मिली थी गुप्त शिकायत

विभाग को पिछले कुछ समय से ग्राम कलियावाला और गढ़ीहुसैन में बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची शराब बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए जनपदीय प्रवर्तन दल, क्षेत्र-04 बाजपुर और क्षेत्र-03 काशीपुर की आबकारी टीमों ने एक संयुक्त रणनीति तैयार की और दोनों गांवों में अचानक दबिश दे दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से शराब माफियाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घरों की तलाशी में भारी मात्रा में बरामद हुई शराब, मुकदमे दर्ज

दबिश के दौरान टीम ने सबसे पहले ग्राम कलियावाला में कुलदीप सिंह (पुत्र सुरेंद्र सिंह) के घर पर छापेमारी की। सघन तलाशी के दौरान घर से 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में कुलदीप सिंह के भाई संदीप के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

इसी गांव में एक अन्य घर पर की गई तलाशी के दौरान टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी, जहाँ लगभग 50 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई। इस मामले में आरोपी पिंकी कौर (पत्नी रोहित सिंह) के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसके बाद संयुक्त टीम ने ग्राम गढ़ी हुसैन का रुख किया। यहाँ भी आबकारी टीम ने छापेमारी कर 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। हालांकि, इस मामले में मौके से कोई पकड़ा नहीं जा सका, जिसके चलते अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई में शामिल रहा भारी अमला, आगे भी जारी रहेगा अभियान

इस पूरी बड़ी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम में जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट, आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र-04 बाजपुर) धर्मेंद्र सिंह, आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र-03 काशीपुर), प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश भट्ट, आबकारी सिपाही सुमन आर्या, नैनिका राणा और जनपदीय प्रवर्तन दल का पूरा स्टाफ शामिल रहा। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि क्षेत्र को नशामुक्त बनाने और अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए इस तरह के औचक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button