राष्ट्रिय

बंगाल-असम साधने के बाद BJP का दक्षिण भारत पर फोकस! PM मोदी ने तेलंगाना को दी 9377 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज तेलंगाना में हैदराबाद में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की लागत की कई ढांचागत और औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्‍य को विनिर्माण के केन्‍द्र के रूप में स्‍थापित करना, यातायात संपर्क मजबूत करना, रोजगार सृजित करना, परिचालन तंत्र में सुधार और सुरक्षा को बढ़ावा देकर लोगों को बेहतर यात्रा सुविधा प्रदान करना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों के कारण भारत पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न ऊर्जा संकट का प्रभावी ढंग से प्रबंधन कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि ईंधन का संयमित उपयोग आज समय की जरूरत है। श्री मोदी ने कहा कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग केवल आवश्यकतानुसार ही किया जाना चाहिए, इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और मौजूदा संघर्ष के प्रतिकूल प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी।

    प्रधानमंत्री ने हाल के वर्षों में वैश्विक सौर ऊर्जा उत्पादकों की शीर्ष श्रेणी में भारत की उल्लेखनीय प्रगति का हवाला देते हुए कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल के मिश्रण में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। उन्‍होंने सरकार की निरंतर ऊर्जा विविधीकरण रणनीति का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने बताया कि सभी को एलपीजी सुविधा प्रदान करने पर दिये गये प्रारंभिक जोर से अब सभी को सस्ती पाइपलाइन वाली प्राकृतिक गैस प्रदान करना आसान हो गया है। वहीं देशव्यापी सीएनजी-आधारित प्रणालियों को भी बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि ऐसी ही व्यापक पहल भारत को वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट से निपटने में सक्षम बनाती हैं।

    श्री मोदी ने कहा कि आज देश, रिफॉर्म्‍स एक्सप्रेस पर आगे बढ़ रहा है और आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण भी कर रहा है। श्री मोदी ने तेलंगाना के प्रत्येक परिवार को भरोसा देते हुए कहा कि केन्द्र सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए और अधिक तेजी से काम करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने आज जिन परियोजनाओं का उदघाटन किया उनमें वारंगल स्थित पीएम मित्र पार्क भी शामिल है, जिसे काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क के नाम से भी जाना जाता है। लगभग एक हजार सात सौ करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित, यह देश का पहला पीएम मित्र पार्क है। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार के फाइव एफ विजन के अंतर्गत एक एकीकृत वस्त्र पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है। ये पांच एफ हैं – फॉर्म, फाइबर, फैक्‍ट्री, फैशन और फॉरेन मार्केट।

    श्री मोदी ने कहा कि एक समय भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था। वस्त्र उद्योग भारत की विकास गाथा के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि अब इस क्षेत्र को विस्तार के एक नए चरण के लिए तैयार किया जा रहा है। श्री मोदी ने कहा कि वारंगल स्थित पीएम मित्र पार्क देश के वस्त्र उद्योग को नई गति प्रदान करेगा और पार्क में स्थित इकाइयां विनिर्माण और निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की कई योजनाओं से लाभान्वित होंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पार्क बड़ी संख्या में लोगों के लिए रोजगार सृजित करेगा।

    प्रधानमंत्री ने हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे के अंतर्गत गुडेबेल्‍लूर और महबूबनगर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग – 167 के चार लेन के निर्माण और संगारेड्डी जिले में जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र के विकास की आधारशिला भी रखी।

प्रधानमंत्री ने काजीपेट-विजयवाड़ा रेल मल्टी-ट्रैकिंग कॉरिडोर के कुछ हिस्सों, काजीपेट रेल अंडर रेल बाईपास और हैदराबाद में एक नए ग्रीनफील्ड पेट्रोलियम, ऑयल एंड लुब्रिकेंट्स (पीओएल) टर्मिनल सहित कई रेलवे और लॉजिस्टिक्स परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।

बाद में, प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में सिंधु अस्पताल का उद्घाटन किया। यह अस्‍पताल विशेष रूप से कैंसर चिकित्‍सा के लिए एक अत्याधुनिक मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी क्वाटरनरी केयर गैर-लाभकारी संस्थान है। श्री मोदी ने इसे शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना में सुधार का सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में नवीनतम तकनीक और नवाचार को एकीकृत करने पर जोर देना प्रशंसनीय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button