उत्तराखंडराज्य

डेंगू और चिकनगुनिया नियंत्रण को लेकर प्रशासन सख्त, जिलाधिकारी ने दिए व्यापक कार्रवाई के निर्देश

रुद्रपुर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और रोग नियंत्रण के लिए समन्वित रणनीति पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी चिकित्सालयों में डेंगू आइसोलेशन वार्ड स्थापित किए जाएं, जांच सुविधाओं को मजबूत बनाया जाए तथा रक्त और प्लेटलेट्स की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

नालियों की सफाई और फोगिंग अभियान में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ नालियों की नियमित सफाई, फोगिंग और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डेंगू की रोकथाम के लिए मच्छरों के लार्वा को नष्ट करना सबसे प्रभावी उपाय है, इसलिए स्रोत स्तर पर कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।

स्कूलों में विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान डेंगू और चिकनगुनिया के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों की जानकारी विद्यार्थियों को दी जाए। उन्होंने छात्रों को फुल बाजू वाले कपड़े पहनकर विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने को भी कहा, जिससे मच्छरों के काटने से बचाव किया जा सके।

डेंगू मरीज मिलने पर चलेगा विशेष अभियान

उन्होंने निर्देश दिए कि किसी क्षेत्र में डेंगू का मरीज मिलने पर तत्काल जिला और ब्लॉक स्तर की टीमें सक्रिय होकर विशेष अभियान चलाएं। साथ ही नगर निगम, नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी जनजागरूकता अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक बचाव संबंधी जानकारी पहुंचाई जा सके।

जनता से की स्वच्छता बनाए रखने की अपील

जिलाधिकारी ने नागरिकों से घर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कूलर, पानी की टंकियों, ड्रम, बाल्टियों और अन्य पात्रों में लंबे समय तक पानी जमा न रहने दें। उपयोग में न आने वाले कूलरों का पानी पूरी तरह खाली कर दें तथा घरों के आसपास पड़े पुराने टायर, प्लास्टिक बोतलें, टिन के डिब्बे, नारियल के खोल और अन्य ऐसी वस्तुओं को हटाएं जिनमें पानी जमा हो सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि पानी संग्रहित करने वाले सभी बर्तनों और टंकियों को हमेशा ढककर रखा जाए तथा रेफ्रिजरेटर के ड्रिप पैन का पानी प्रतिदिन खाली किया जाए। किसी भी व्यक्ति में डेंगू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।

जलभराव वाले क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक में जिलाधिकारी ने जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से फोगिंग और कीटनाशक छिड़काव अभियान चलाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को डेंगू से संबंधित दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए कहा गया, ताकि स्थिति की लगातार निगरानी की जा सके।

उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों को अपने परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश भी दिए।

औद्योगिक क्षेत्रों और पेयजल व्यवस्था पर भी ध्यान

जिलाधिकारी ने सिडकुल क्षेत्र और अन्य औद्योगिक इकाइयों में डेंगू से बचाव के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं जल निगम और जल संस्थान को लीकेज पाइप लाइनों की तत्काल मरम्मत करने तथा नागरिकों को क्लोरीनयुक्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

खाद्य पदार्थों की नियमित जांच के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को होटल, ढाबों, रेस्तरां और रेहड़ी-ठेलियों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित कर फूड प्वाइजनिंग, डायरिया और अन्य जलजनित बीमारियों की रोकथाम की जा सकती है।

स्वास्थ्य विभाग ने प्रस्तुत की कार्ययोजना

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने डेंगू रोग के लक्षणों, उपचार और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभाग द्वारा तैयार की गई डेंगू नियंत्रण कार्ययोजना और अब तक की तैयारियों से भी अवगत कराया। साथ ही सभी विभागों से डेंगू स्रोत नियंत्रण और जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग की अपील की।

विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एसीएमओ डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. डी.पी. सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, एआरटीओ पूजा नयाल, मोहित कोठारी, अधिशासी अभियंता पेयजल सुनील जोशी सहित विभिन्न विभागों और नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button