उत्तराखंडराज्य

विभिन्न विकास कार्यों के लिए करीब 15 करोड़ रुपये मंजूर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी है। स्वीकृत कार्यों में धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, बाढ़ से सुरक्षा के उपाय और सैनिक विश्राम गृह का जीर्णोद्धार शामिल है।

गौरी शंकर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण को एक करोड़ रुपये

ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में स्थित श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर के प्रांगण के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री ने एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस राशि से मंदिर परिसर में आवश्यक विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे।

देवराड़ी देवी मंदिर के प्रांगण का होगा विस्तार

चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के रानीगढ़ (देवल) स्थित मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी पौराणिक मंदिर के सौंदर्यीकरण और प्रांगण के विस्तार के लिए 98.28 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।

यमुनोत्री धाम में बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 12.63 करोड़

उत्तरकाशी जिले के नौगांव विकासखंड के अंतर्गत यमुनोत्री धाम में मंदिर तथा जानकी चट्टी स्थित श्री राम मंदिर से अखोरीपुल तक यमुना नदी के दोनों किनारों पर बाढ़ सुरक्षा के कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए 12.63 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार को 38.76 लाख रुपये

इसके अलावा देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए 38.76 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी दी है।

सरकार के अनुसार, इन विकास कार्यों से धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं में सुधार के साथ ही बाढ़ से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वहीं, सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार से वहां उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button